छठ तालाब में झारखंड स्थापना दिवस के पूर्व संध्या आरती का आयोजन आज

छठ तालाब में झारखंड स्थापना दिवस के पूर्व संध्या आरती का आयोजन आज


आयोजनकर्ता हर्ष अजमेरा और सहयोगी मेयर रोशनी तिर्की ने तैयारियों का लिया जायजा

11 हजार दीए से जगमग होगा छठ तालाब, जुटेंगे हजारों श्रद्धालु


हजारीबाग: झारखंड स्थापना दिवस की पूर्वसंध्या हजारीबाग के छठ तालाब में आज सोमवार की शाम गंगा महाआरती का आयोजन किया जा रहा है। महाआरती के आयोजन को लेक रविवार को युवा उद्यमी हर्ष अजमेरा व नगर निगम महापौर रौशनी तिर्की ने तैयारियों का जायजा लिया। मौके पर दोनों ने संयुक्त रूप से कई दिशा निर्देश दिये। बता दें कि यह आयोजन वाराणसी की मां गंगा महाआरती के तर्ज पर किया जा रहा है, जहां आज अद्भुत नजारा दिखेगा। हजारीबाग में पहली बार इतना वृहत गंगा महाआरती का आयोजन होने जा रहा है। महाआरती को लेकर पूरे शहर के विभिन्न चैक- चैराहें को फ्लेक्स से पाट दिया गया है। साथ ही निमंत्रण पत्र का भी वितरण किया जा रहा है। सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों के जरिए लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाई जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लोग पहुंच सके। वहीं महाआरती को लेकर डिजिटली निमंत्रण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कार्यक्रम स्थल में उच्च गुणवत्ता का साउंड, लाइट, टेंट और फूलों की साज- सज्जा के साथ कई एलईडी स्क्रीन भी लगाया गया है, ताकि महाआरती देखने में श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। 


11 हजार दिये से रौशन होगा छठ तालाब परिसर

बता दें कि आज करीब 11 हजार दीए के साथ महाआरती करने की योजना है। इसे लेकर आज छठ तालाब के चारों ओर साफ-सफाई की गई। साथ ही चारों ओर इतनी अधिक मात्रा में दिये जलाने के स्थान को चिन्हित किया गया। आयोजन को लेकर युवा उद्यमी हर्ष अजमेरा ने बताया की गंगा आरती का अपना एक अलग महत्व है। गंगा महाआरती का दृश्य मात्र देखने से ही व्यक्ति भक्ति के रस में सराबोर हो जाता है और मां गंगा की आराधना कर सुखद अलौकिक सुख का आनंद प्राप्त होता है। मेयर रोशनी तिर्की ने भी अधिक से अधिक लोगों को शामिल होकर महाआरती को सफल बनाने का आवाह्न किया है।

बनारस के प्रसिद्ध और अनुभवी आचार्यों का होगा आगमन

महाआरती में बनारस के दशाश्वमेध घाट के प्रसिद्ध और अनुभवी आचार्यों का आगमन होगा। इनके द्वारा वाराणसी के तर्ज पर हजारीबाग के छठ तालाब में शंख ध्वनि और मंत्रोच्चारण के बीच मां गंगा महाआरती की जाएगी। बनारस से आने वाले आचार्यों में पंडित नितेश शास्त्री के सानिध्य में पंडित दयानंद पांडेय, पंडित उज्जवल तिवारी, पंडित शुभम पांडेय, पंडित विशाल पांडेय और पंडित अक्षय पांडेय गंगा महाआरती को सफल बनाएंगे। इस दौरान छठ तालाब में हजारों श्रद्धालुओं जुटेंगे और मां गंगा महाआरती में शामिल होकर पुण्य के भागी बनेंगे।

टिप्पणियाँ