आश्वासन मिला आरोपितों की जल्द होगी गिरफ्तारी, खत्म हुआ अनशन।
आश्वासन मिला आरोपितों की जल्द होगी गिरफ्तारी, खत्म हुआ अनशन।
बड़कागांव (हजारीबाग) प्रखंड के सिरमा गांव में युवती को उठक-बैठक कराने के प्रकरण में दो दिनों से अनशन पर बैठे हिंदू संगठन ने अपना आंदोलन प्रशासन के आश्वासन के बाद वापस ले लिया है। गुरुवार को दोपहर बाद एसडीपीओ अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में इंस्पेक्टर श्याम चंद्र सिंह, थाना प्रभारी विनोद कुमार तिर्की के द्वारा आश्वासन दिया गया कि सभी मांगों पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। इसमें पीड़िता पर किए गए मुकदमे की वरीय पदाधिकारियों से निष्ठा पूर्वक जांच करने, पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने तथा आरोपियों को सात दिनों के अंदर गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया गया। काफी देर के वार्ता के बाद लस्सी पिलाकर भूख हड़ताल को तुड़वाया गया। हालांकि इसके पूर्व प्रखंड विकास पदाधिकारी जितेंद्र कुमार सिंह समेत कई लोग धरना स्थल पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया था। दिन भर इसे लेकर गहमा गहमी बनी थी। अनशन में गुरुवार को भाजपा नेत्री पूनम साहू का समर्थन भी मिला। हिंदू राष्ट्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष शशि केशरी भी मौजूद थे। वही अनशन का नेतृत्व कर रहे सनातनी परिवार के अमन कुमार ने बताया कि बड़कागांव दुर्गा मंदिर में हमलोगों का आंदोलन चल रहा था। प्रशासन ने हमें आश्वासन दिया है कि आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। साथ ही सभी मांगों पर विचार करने का निर्णय लिया गया है। अगर मांग नही मानी जाती है तो फिर से हमलोग आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। वही इस संबंध में हजारीबाग भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक कुमार यादव ने बताया कि पार्टी की आवश्यक बैठक बुलाने के बाद निर्णय लिया गया है। अगर अविलंब कार्रवाई नहीं की जाती है और आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किया जाता है तो पार्टी जन आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी। वहीं दूसरी ओर जानकारी के अनुसार श्री कृष्ण जन्माष्टमी के बाद शनिवार को क्षेत्र में शांति बहाल करने को लेकर दोनों समुदाय की बैठक होने की सूचना है जिसमें आपसी बात कर मामले को सुलझाने का प्रयास किया जाएगा। मालूम हो कि सिरमा गांव में एक वीडियो वायरल करने के आरोप में मुस्लिम समुदाय से जुड़े लोगों के द्वारा सुमन कुमारी व उसकी बहन को को घर के बाहर निकाल कर 10 अगस्त की रात बारिश में उठक बैठक करवाई गई थी। इसके बाद सुमन कुमारी के द्वारा थाने में मामला दर्ज कराया गया था। इसमें नौ लोगों को आरोपित बनाया गया। इसमें दो आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें