झारखंड सरकार की अनूठी पहल, स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर स्कूल में बनेगी हाजिरी, जानिए और क्या होगा खास।

हजारीबाग की तर्ज पर अब राज्य के सभी जिलों के सरकारी स्कूलों में बच्चों की हाजिरी स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर बनेगी। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की निदेशक किरण कुमारी पासी ने इस संबंध में सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को आदेश जारी कर दिया।


झारखंड सरकार की अनूठी पहल, स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर स्कूल में बनेगी हाजिरी, जानिए और क्या होगा खास। 

झारखंड के सभी सरकारी स्कूलों में छात्र बोर्डर पर तैनात सेना के जवानों के लिए कार्ड बनाएंगे। हजारीबाग की अनोखी पहल काे सभी जिलों के स्कूलों में लागू करने के निर्देश। अमृत महोत्सव के तहत अगस्त के लिए जारी किया गया कार्यक्रम।

हजारीबाग की तर्ज पर अब राज्य के सभी जिलों के सरकारी स्कूलों में बच्चों की हाजिरी स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर बनेगी। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की निदेशक किरण कुमारी पासी ने इस संबंध में सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को आदेश जारी कर दिया।

आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान स्कूलों में पूर्व में जारी निर्देश के तहत अन्य कई गतिविधियां भी होंगी। इसे लेकर पूरे अगस्त माह का कार्यक्रम तय कर दिया गया है। राज्य परियोजना निदेशक ने अपने आदेश में कहा है कि हजारीबाग के नव उत्क्रमित उच्च विद्यालय खरना, विष्णुगढ़, हजारीबाग में आजादी के अमृत महोत्सव को मनाने के लिए अनोखी पहल की गई है।

विद्यालय में सभी बच्चों को अधिक से अधिक महापुरूषों तथा स्वतंत्रता सेनानियों के बारे में जानकारी देने के लिए एक नवाचार का किया गया है। इसके तहत प्रत्येक कक्षा में बच्चों की हाजिरी के समय उनके क्रमांक बोलने पर वे अपने क्रमांक के साथ एक-एक कर भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानियों के नाम पुकार रहे हैं, जिसका उद्देश्य बच्चों को विभिन्न महापुरुषों के बारे में जानकारी उपलब्ध कराना एवं उनके बारे में अपने सहपाठियों/अभिभावकों एवं समाज के अन्य लोगों को बताना है।

बच्चों को स्वतंत्रता सेनानियों से रूबरू कराने की पहल

राज्य परियोजना निदेशक के अनुसार, यदि कक्षा में 40 बच्चे हैं तो 40 महापुरुषों के बारे में अपने शिक्षक से जानकारी प्राप्त कर सकेंगे एवं अन्य लोगों को भी इनके विषय में बताएंगे। बच्चे इस तरह से स्वतंत्रता संग्राम में महात्मा गांधी, पंडित जवाहर लाल नेहरू, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, राजगुरू, सुखदेव, लाला लाजपत राय, उद्धम सिंह, रानी लक्ष्मी बाई, सरदार बल्लभ भाई पटेल, भीमराव अंबेडकर आदि के योगदानों के विषय में विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम में झारखंड के विभिन्न महापुरुषों जैसे सिदो-कान्हू, चांद, भैरव, ताना भगत, शेख बिहारी, जतरा भगत, भगवान बिरसा मुंडा, तिलका मांझी आदि के योगदान एवं बलिदान को भी जान सकेंगे।

दसवीं कक्षा के छात्र कार्ड बनाकर सैनिकों को भेजेंगे। 

हजारीबाग जिला प्रशासन की एक अन्य पहल 'स्कूल से सरहद' तक के तहत पहली से 10वीं तक के बच्चों से सरहद पर तैनात सेना के जवानों के लिए संदेश तथा देश प्रेम की झलक को दिखलाता हुआ कार्ड बनवाए जा रहे हैं। बच्चों द्वारा बनाए गए कार्ड को सरहद पर तैनात सैनिकों को भेजा जाएगा। उन्होंने इसे भी सभी जिलों के स्कूलों में लागू करने को कहा है। बता दें कि स्कूलों में स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर हाजिरी बनाए जाने की खबर को दैनिक जागरण ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। उक्त खबर को पढ़ने के बाद राज्य परियोजना निदेशक ने इसे सभी स्कूलों में लागू करने का निर्णय लिया। इसे लेकर उन्होंने एक अधिकारी को वहां की गई इस पहल को देखने-समझने हजारीबाग भी भेजा। इसके बाद यह आदेश सभी जिलों को जारी किया गया।

 

टिप्पणियाँ