विभावि ने परिसर में लगाया प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध।

विभावि ने परिसर में लगाया प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध। 


हजारीबाग : राज्य के अग्रणी विश्वविद्यालय में एक विनोबा भावे विश्वविद्यालय ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कद बढ़ाते हुए परिसर में प्लास्टिक पर पूर्ण रोक लगा दिया है। शुक्रवार से परिसर में किसी भी तरह के प्लास्टिक का प्रयोग वर्जित किया गया है। इतना हीं नहीं विभावि पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए बरसात में पौधरोपण का कार्य करेगी। परिसर को हरा भरा करने पर जोर दिया जाएगा। यह निर्णय गुरूवार को कुलपति सभागार में हुई प्रशासनिक बैठक में हुआ है। कुलपति डा. एमएन देव की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में आईक्यूएसी की आंतरिक प्रशासनिक ऑडिट, प्रशासनिक ऑडिट एवं ग्रीन ऑडिट की प्रगति प्रतिवेदन पर विमर्श किया गया। बैठक में विचार विमर्श करते हुए कुलपति ने पूर्व में लिए गए निर्णय की जानकारी ली और कार्य प्रगति पर संतोष जताते हुए और तेजी लाने का निदेश दिया। उन्होंने ग्रीन ऑडिट से संबंधित प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि प्लास्टिक का प्रयोग पूरी तरह बंद हो तथा इसके लिए परिसर में जागरूकता अभियान चलाया जाए। प्रत्येक विभाग का दायित्व है इस पर पूरी तरह से अमल करें तथा इस पर प्रतिबंध लगाए।
विभावि में होगी आनलाइन परीक्षा फार्म भरने की व्यवस्था

बैठक में कुलपति ने छात्रों को सहुलियत देने के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने को लेकर हेल्प डेस्क के तहत परीक्षा भवन में विशेष व्यवस्था करने का निदेश दिया है। बताया गया कि कैंपस में तीन कंपोस्ट स्टाल रखे जाने का भी निर्णय लिया गया। जिसे शीघ्र ही क्रियान्वित कर लिया जाएगा। इसके अलावा कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में वित्त परामर्शी सुनील कुमार सिंह, कुलसचिव डॉ वीके गुप्ता, डॉ आर एन सिन्हा ,डॉ नमिता गुप्ता, अंबर खातून, आइक्यूएसी के निदेशक डॉ सादिक रजाक, डॉ सुरेंद्र कुशवाहा, डॉक्टर गंगानंद सिंह समेत कई सदस्यगण उपस्थित थे। उक्त जानकारी पीआरओ डॉ प्रमोद कुमार ने दी।

टिप्पणियाँ