होने वाला दामाद ही निकला रांची के होटल शिवालिक में हजारीबाग के बाप बेटे का हत्यारा, पुलिस ने किया गिरफ्तार।
होने वाला दामाद ही निकला रांची के होटल शिवालिक में हजारीबाग के बाप बेटे का हत्यारा, पुलिस ने किया गिरफ्तार।
चुटिया थाना क्षेत्र स्थित होटल शिवालिक में रविवार को बाप-बेटे की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा के नेतृत्व में रांची पुलिस की टीम ने पूरे मामले की गुत्थी 24 घंटे में सुलझा ली है।
पुलिस के मुताबिक ड्रग्स देकर हत्या करने के बाद आरोपी ने ही पुलिस को भी घटना की जानकारी दी थी।
रांची के एक होटल में रविवार को हुए दोहरे हत्याकांड ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे। शहर के व्यस्त स्टेशन रोड इलाके में हुई हत्या ने पुलिस को भी सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया। अब रांची पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। रांची पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है।
क्या है मामला
रांची के चुटिया थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित होटल शिवालिक में रुके पिता-पुत्र की गला रेत कर हत्या कर दी गई थी। मृतक की पहचान हजारीबाग के इचाक निवासी नागेश्वर मेहता और उनके पुत्र अभिषेक के रूप में हुई थी। नागेश्वर महतो शनिवार की शाम हजारीबाग से अपने बेटे के साथ रांची पहुंचे थे। दोनों होटल शिवालिक में रुके। रात में दोनों ठीक थे। रविवार को दोनों की हत्या कर दी गई। इसकी जानकारी तब हुई जब शाम पांच बजे के आसपास खुद को नागेश्वर मेहता का होने वाला दामाद बताने वाला चंदन होटल के कमरा नंबर 201 में पहुंचते ही चीखते-चिल्लाते बाहर भागा। नीचे पहुंचकर होटल कर्मियों को हत्या की बात बतायी। होटल के कर्मियों ने जब कमरे में झांक कर देखा तो दोनों का शव होटल में पड़ा हुआ था। कमरे में हर ओर खून ही खून पसरा हुआ था। होटल के संचालक ने तुरंत इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई थी।
रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सुरेंद्र कुमार झा ने सोमवार को इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिए जाने की जानकारी दी। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक एसएसपी ने बताया कि इस मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई थी। एक फॉरेंसिक टीम ने भी होटल के कमरे में जाकर सैंपल कलेक्ट किए थे।
रांची एसएसपी के मुताबिक जांच के दौरान चंदन कुमार पर शक हुआ। जांच में ये पाया गया कि चंदन कुमार ही दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी है। पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस की ओर से मिली जानकारी के अनुसार चंदन कुमार का नागेश्वर महतो की बेटी से शादी तय हुआ था। चंदन कुमार पिछले दो साल से नागेश्वर मेहता की बेटी के साथ रिश्ते में था। इसी बीच दोनों के बीच शारीरिक संबंध बना था। इसका वीडियो नागेश्वर महतो के बेटे अभिषेक के हाथ लग गई। इसके बाद अभिषेक चंदन को ब्लैकमेल करने लगा। साथ ही फंसा देने की धमकी भी देने लगा। इससे परेशान होकर एक साजिश के तहत चंदन ने इस घटना को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान चंदन ने खुलासा किया है कि नागेश्वर मेहता और उसका बेटा उसे ब्लैकमेल कर रहे थे।
पुलिस के मुताबिक चंदन ने ये जानकारी भी दी है कि नागेश्वर मेहता और उनका बेटा शादी के पहले जमीन खरीदने और घर बनवाने के लिए पैसे की मांग कर रहे थे। इससे वह आजिज आ चुका था और हत्या की योजना बना डाली। योजना के मुताबिक चंदन ने नागेश्वर मेहता और उनके बेटे को शनिवार के दिन हजारीबाग से रांची बुलाया और स्टेशन रोड स्थित शिवालिक होटल में उनके लिए कमरा नंबर 201 बुक कर दिया।
पुलिस के मुताबिक अगले दिन सुबह करीब 10 बजे चंदन होटल पहुंचा और दोनों को ड्रग्स मिश्रित पानी पीने के लिए दिया। ड्रग मिश्रित पानी पीने के बाद जब दोनों बेहोश हो गए जिसके बाद चंदन बाजार गया और दोपहर करीब 12 बजे चाकू खरीदकर होटल लौटा। चंदन ने दोनों का गला काट दिया और पुलिस को गुमराह करने के लिए शाम करीब 5:30 बजे डायल 100 पर घटना की सूचना दी।
रांची के एसएसपी ने ये भी बताया कि चंदन ने साक्ष्य छिपाने की भी कोशिश की थी। लेकिन घटना की जांच के लिए गठित की गई SIT ने 24 घंटे के अंदर ही वारदात का खुलासा कर दिया। उन्होंने ये भी जानकारी दी है कि घटना में प्रयुक्त चाकू और इस्तेमाल की गई ड्रग्स भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
Please Like & Share
Facebook Page Instagram Twitter WhatsApp

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें