राज्य निर्वाचन आयोग:नगर निगम चुनाव के लिए 13 कोषांगों का गठन, तय की गई जिम्मेवारी। हर कोषांग के नोडल अधिकारी, सहायक, पर्यवेक्षक बनाए गए, सभी को आवंटित किए गए कार्य।
राज्य निर्वाचन आयोग:नगर निगम चुनाव के लिए 13 कोषांगों का गठन, तय की गई जिम्मेवारी।
हर कोषांग के नोडल अधिकारी, सहायक, पर्यवेक्षक बनाए गए, सभी को आवंटित किए गए कार्य।
नगर निगम चुनाव के संचालन के लिए राज्य निर्वाचन आयोग झारखंड के निर्देश के आलोक में विभिन्न कोषांगों का गठन करके कोषांगों के नोडल अधिकारी का मनोनयन करने के साथ ही नोडल अधिकारियों की सहायता एवं निर्वाचन संबंधी कार्यों के त्वरित निष्पादन के लिए सहायक नोडल अधिकारी, पर्यवेक्षक तथा सभी कोषांगों में सहायक एवं अनुसेवकों की टीम बना कार्य एवं कार्य स्थल भी आवंटित कर दिए गए हैं। कोषांगों के कार्य की मॉनिटरिंग के लिए डीडीसी व राकेश रौशन, अपर समाहर्ता को दायित्व दिया गया है।
हर कोषांग के नोडल अधिकारी, सहायक, पर्यवेक्षक बनाए गए, सभी को आवंटित किए गए कार्य।
प्रशिक्षण कोषांग- निर्वाचन कार्य में कर्मियों के प्रायोगिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण के लिए प्रशिक्षण कोषांग का गठन किया गया है, इसके नोडल जिला भू अर्जन पदाधिकारी विनोद कुमार तथा सहायक नोडल जेवियर मिंज को बनाया गया है। विधि व्यवस्था सह आचार संहिता कोषांग: इस कोषांग के नोडल अधिकारी सदर एसडीओ विद्या भूषण कुमार को बनाया गया है। दीपक कुमार दुबे कार्यपालक दंडाधिकारी सहायक नोडल बनाए गए हैं।
इस कोषांग के जिम्मे चुनाव के दौरान विधि व्यवस्था, निर्वाचन आयोग, सरकार के आदेशों, नियमों का अनुपालन सुनिश्चित कराना, गश्ती दंडाधिकारियों के बूथ टैगिंग, मतदान केंद्रों का रूट चार्ट, आदर्श आचार संहिता का अनुपालन सुनिश्चित कराना आदि शामिल है।
ईवीएम कोषांग
चुनाव ईवीएम से होना है। इस कोषांग के नोडल अधिकारी नेयाज अहमद, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा बनाए गए हैं। सहायक नोडल जिला पशुपालन पदाधिकारी न्यूटन तिर्की को रखा गया है। ईवीएम की आवश्यकता एवं उपलब्धता का आंकलन करना, ईवीएम के विभिन्न चरणों की चेकिंग, ईवीएम की तैयारी एवं वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करना आदि शामिल है।
इसके अलावा प्रेक्षक कोषांग के नोडल डेविड बलिहार, कार्यपालक दंडाधिकारी, मतपत्र कोषांग के नोडल अधिकारी उज्जवल कुमार चौरसिया कोषागार पदाधिकारी, उपवन बाड़ा जिला क्रीडा पदाधिकारी सहायक नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। वाहन कोषांग के नोडल जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार तथा रजनीकांत सिंह मोटरयान निरीक्षक सहायक नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। जो वाहनों की व्यवस्था करेंगे।
मतदान दल और कर्मियों का चयन कर नियुक्त करेगा कार्मिक कोषांग
चुनाव कार्य में लगने वाले कर्मियों का डाटा बेस करने तथा मतदान दल एवं मतदान कर्मियों की नियुक्ति के दायित्व को पूरा करने के लिए कार्मिक कोषांग का गठन किया गया है। इसके नोडल अधिकारी स्थापना उप समाहर्ता अरविंद कुमार बनाए गए हैं। व्यय अनुश्रवण कोषांग के नोडल अधिकारी राज्य कर उपायुक्त अवधेश कुमार मेहरा तथा संजय कुमार मेहता सहायक उत्पाद आयुक्त सहायक नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के व्यय लेखा की जांच इस कोषांग के द्वारा की जाएगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें