हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर ग्रामीण पहुंचे थाना

हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर ग्रामीण पहुंचे थाना। 



कटकमदाग प्रखंड के बेस गांव में महिला हत्या मामले को लेकर शुक्रवार को ग्रामीण थाना पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने हत्या के नामजद आरोपी के गिरफ्तारी को लेकर थाना प्रभारी से मिले और त्वरित कारवाई की मांग की। थाना प्रभारी धनंजय प्रजापति ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि इस मामले मे शामिल किसी भी आरोपी को बख्सा नहीं जायेगा। इसके लिए पुलिस कारवाई में लगी हुई है। बताया जाता है कि रविवार को मोनिका देवी का शव बेस गांव में बरामद हुआ था। मोनिका की मां कांति देवी ने हत्या का आरोप लगाते हुए उसके पति सहित 10 लोगों के खिलाफ थाना में लिखित शिकायत करते हुए नामजद आरोपी बनाया है। बताया जाता है कि बासुदेव भुईयां की बेटी मोनिका कुमारी उसी गांव में भुवनेश्वर साव के बेटे हीरा साव के साथ प्रेम प्रसंग चला जिसके बाद मामले की जानकारी होने पर ग्रामीणो की मौजूदगी और दोनों पक्षों के सहमति के बाद हिंदू रीति रिवाज से शादी की गई। मोनिका की मां का आरोप है कि शादी होने के बाद उसके ससुराल वाले दहेज को लेकर हमेशा प्रताड़ित करते रहते थे और दहेज की राशि नहीं देने पर जान मारने की धमकी देते रहते थे। यही वजह है कि उसे जान से मार दिया गया। मोनिका कुमारी का विवाह एक वर्ष पूर्व हुआ था। वर्तमान में वह छह माह की गर्भवती थी। थाना में दिए गए आवेदन में पति हीरा साव, पिता भुनेश्वर साव, भाई अजय साव, मोहन साव, पनवा देवी, शीतली देवी, पूजा देवी, कविता देवी, कुलदीप साव, दीपक साव को आरोपी बनाया है।

टिप्पणियाँ